जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में कुलदेवी महासर माता का पंचम वार्षिक उत्सव रविवार, 20 सितंबर को अष्टमी तिथि के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। उत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और तुलसी भवन में माता के भव्य दरबार को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
माता का दरबार कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा आकर्षक पुष्प सज्जा से तैयार किया जाएगा। महासर धाम के संजय गुरुजी के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना होगी, जबकि पंडित रामजी पारिख पूजा में सहयोग करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, उत्सव में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों के अलावा कोलकाता और रांची से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। धार्मिक आयोजन के दौरान माता रानी की दिव्य ज्योत, भव्य दरबार, मनमोहक श्रृंगार और छप्पन भोग विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा महाप्रसाद, चुनरी उत्सव, पुष्प वर्षा और इत्र वर्षा भी आयोजित की जाएगी।
उत्सव में भजन संध्या का भी आयोजन होगा। अजमेर से आमंत्रित कलाकार जॉन अजमेरी और कानपुर से दीपांशी तिवारी सहित स्थानीय कलाकार महावीर अग्रवाल माता के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों ने कुलदेवी गढ़ी महासर माता के सभी भक्तों से उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

