Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

कालियाडीह गौशाला पहुंचे संत ग्वाल श्री जी महाराज, व्यवस्थाओं की सराहना की

616 गौवंश की सेवा व्यवस्था का लिया जायजा, अपने हाथों से खिलाई हरी सब्जियां, फल और गुड़; कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए सात दिन के लिए विशेषज्ञ भेजने की घोषणा

जमशेदपुर: श्री गो-कृपा कथा महोत्सव के सिलसिले में जमशेदपुर पहुंचे संत ग्वाल श्री जी महाराज ने शनिवार को कालियाडीह गौशाला का दौरा किया। उन्होंने गौशाला में गौवंश की सेवा और देखभाल के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साध्वी श्रद्धा दीदी भी मौजूद रहीं। गौशाला पहुंचने पर समिति के सदस्यों और गौभक्तों ने उनका स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान संत ग्वाल श्री जी महाराज ने अपने हाथों से गौवंश को हरी सब्जियां, फल और गुड़ खिलाया। उन्होंने गौवंश के रहन-सहन, खान-पान और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा और गौशाला की दैनिक कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

गौशाला समिति के अध्यक्ष दीनदयाल काउंटिया ने उन्हें गौशाला में संचालित सेवा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कालियाडीह गौशाला में 616 गौवंश की सेवा 47 कर्मचारी कर रहे हैं। यहां ऐसे गौवंश भी रखे गए हैं, जो दूध नहीं देते हैं। उनकी नियमित देखभाल, भोजन और अन्य जरूरतों का ध्यान रखा जाता है।

व्यवस्थाओं को बताया अनुकरणीय

गौशाला की व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण करने के बाद संत ग्वाल श्री जी महाराज ने समिति और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौशाला में गौवंश की सेवा के लिए सुदृढ़ व्यवस्था और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने सेवा व्यवस्था को आगे और व्यवस्थित तथा वैज्ञानिक तरीके से विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल आस्था और भावनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए बेहतर प्रबंधन, संतुलित आहार और व्यवस्थित देखभाल भी जरूरी है। सही प्रशिक्षण और वैज्ञानिक तरीके अपनाकर गौवंश की सेवा को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

सात दिन तक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देगा विशेषज्ञ

इस दौरान संत ग्वाल श्री जी महाराज ने कालियाडीह गौशाला की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपनी टीम की ओर से एक अनुभवी प्रशिक्षक भेजने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ सात दिनों तक गौशाला में रहकर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे।

प्रशिक्षण के दौरान गौवंश को उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में रखने, खान-पान की व्यवस्था करने और फीडिंग सिस्टम को बेहतर तरीके से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य गौशाला में मौजूद गौवंश की जरूरतों के अनुसार सेवा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

संत ग्वाल श्री जी महाराज के दौरे के दौरान गौशाला समिति के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें यहां संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विशेषज्ञ प्रशिक्षण की घोषणा को गौशाला की मौजूदा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस मौके पर राजकुमार अग्रवाल, दिलीप गोयल, रामावतार अग्रवाल (स्टील सिटी), विजय आनंद मूनका, अश्विनी कुमार अग्रवाल, मनोज गोयल, अनिल अग्रवाल, अनंत सरायवाला, दर्श मूनका, सुरेश देबुका, कमल लड्ढा, कैलाश अग्रवाल (अधिवक्ता), विशाल तिवारी, अशोक अग्रवाल समेत अन्य गौभक्त और गौशाला समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Related Post