चाईबासा: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 और 19 सितंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान मिलावटी और एनालॉग पनीर की जांच की गई।
इस दौरान मधु बाजार, अमला टोला, टुंगरी और तांबो क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान में थोक विक्रेताओं, रेस्टोरेंट और खुदरा खाद्य प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया। खाद्य व्यवसाय संचालकों की ओर से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके भंडारण की व्यवस्था, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के साथ खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों की भी जांच की गई। अभियान के दौरान पनीर और सरसों तेल के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों की नियमित साफ-सफाई करने और खाद्य पदार्थों का सुरक्षित एवं निर्धारित परिस्थितियों में भंडारण करने को कहा गया। साथ ही उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

