Breaking
Fri. Sep 18th, 2026

गो-कृपा कथा महोत्सव का शुभारंभ, गौ-महिमा के संदेश से भक्तिमय हुआ जमशेदपुर

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, ध्यान फाउंडेशन और श्री गोपाल परिवार संघ के संयुक्त तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय श्री गो-कृपा कथा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। पहले दिन संत ग्वाल श्री जी महाराज ने गौ-महिमा, गौसेवा और गौसंरक्षण के महत्व पर श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गौ-पूजन के साथ हुई। ध्यान फाउंडेशन के निदेशक राजकुमार अग्रवाल और उनकी पत्नी ने गौ-पूजन किया। कथा के दौरान मंच पर नंदी की विशेष उपस्थिति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। साध्वी श्रद्धा दीदी भी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

कथा के दौरान संत ग्वाल श्री जी महाराज ने कहा कि गौ माता भारतीय सनातन संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने गौसेवा और गौसंरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि गौसेवा को केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशाला समाधान नहीं, बल्कि हर हिंदू परिवार में गाय का होना गौसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महाराज ने गौवंश से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। आयोजन में उनके गौसेवा के प्रति समर्पण और अब तक 82 हजार किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा का भी उल्लेख किया गया। उनके संबोधन के दौरान ऑडिटोरियम में मौजूद श्रद्धालु पूरे ध्यान से कथा सुनते नजर आए।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, नकुल कामानी, रामावतार अग्रवाल, अरुण बकरेवाल, मानव केडिया, पुनीत काउंटिया, राजीव अग्रवाल, संजय पलसानिया समेत कई गणमान्य लोग और समाजसेवी मौजूद रहे।

महोत्सव की व्यवस्थाओं में महिला और पुरुष टीम के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में सामूहिक गौ आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजन समिति ने शहरवासियों से महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में शामिल होकर कथा का श्रवण करने और गौसेवा एवं गौसंरक्षण के संदेश से जुड़ने की अपील की है।

Related Post