चाईबासा: कुंडुख सरना जागरण मंच मनोहरपुर-आनंदपुर प्रखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को आनंदपुर के डाक बंगला स्कूल मैदान में करम पूर्व संध्या महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मनोहरपुर विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उनका पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक जगत माझी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महोत्सव में विभिन्न गांवों से पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से पूरा परिसर उत्सवी माहौल में बदल गया। मौके पर विधायक जगत माझी ने सभी को करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास और मजबूती के लिए एकजुटता महत्वपूर्ण है। कुंडुख सरना समाज में अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम और सामाजिक एकता दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि करम पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह समाज की परंपरा, संस्कृति, प्रकृति और सामूहिक जीवन मूल्यों से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि समाज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
जगत माझी ने कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं होती। शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक एकता और युवाओं की भागीदारी से भी समाज मजबूत होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं को अपनी संस्कृति व सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का आह्वान किया।
*बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा समाज के भविष्य को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी मेहनत जारी रखने और अपनी सफलता से समाज व क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
*विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीण*
करम पूर्व संध्या महोत्सव में गुड़गांव, बोड़ता, सतवमडी, कोलेडा, झारबेड़ा, खुदीपोस, बेड़ाकुंदेदा, पोटका विजाटोली, सिरका, प्रधानपल्ली और चिलीगादिरी सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम में पारंपरिक गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में सरना प्रार्थना सभा ओडिशा के अध्यक्ष मनीलाल केरकेट्टा, राजी पड़हा प्रार्थना सभा रांची के अध्यक्ष रवि तिग्गा, मनोहरपुर प्रखंड उप प्रमुख दीपक एक्का, बोदे खलखो, रोबी लकड़ा, बंधना उरांव, राम कच्छप, भीमसेन तिग्गा, किशोर खलखो, सुकरा तिर्की, सिलबीरयुस तिर्की, सोमरा लकड़ा, मनीष तिग्गा, अजय कच्छप, सुनील केरकेट्टा और संजीत कच्छप समेत अन्य लोग मौजूद थे।

