पलामू। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मंगलवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में हुई। बैठक में उपायुक्त ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों की मैपिंग कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। संयोग से सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक के कुछ घंटे बाद ही शाम में मेदिनीनगर-पांकी मुख्य सड़क पर हरसैन मोड़ के पास बाइक दुर्घटना हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। हरसैन मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चंदन दीक्षित (23), पिता कुलेश्वर दीक्षित, निवासी हरभोंगा, चैनपुर की मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार नीतीश कुमार तिवारी (22), पिता स्व. धर्मवीर तिवारी, निवासी राजोगाड़ी, लेस्लीगंज घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चंदन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया। घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है।
इधर, मंगलवार को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने अगस्त में हुई 20 सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत और नौ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि दुर्घटनाओं में किसी व्यक्ति की मौत होना बेहद दुखद है। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां सड़क चौड़ीकरण, साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, कन्वेक्स मिरर और बैरिकेडिंग जैसे सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था।
बैठक में जनवरी से अगस्त तक जिले में 239 सड़क दुर्घटनाओं में 172 लोगों की मौत और 155 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी गई। पुलिस ने हरसैन मोड़ पर हुई ताजा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

