जमशेदपुर: गुरु ग्रंथ साहिब जी के 422वें पावन प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को मानगो स्थित गुरुद्वारा साहिब में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। श्री गुरु सिंह सभा मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्त्री सत्संग सभा के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 85 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर का संचालन एमजीएम ब्लड बैंक की टीम ने किया। शिविर में गुरुद्वारा साहिब की संगत के साथ समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस मौके पर श्री गुरु सिंह सभा मानगो के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। रक्तदान इसी सेवा भावना को व्यवहार में उतारने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
आयोजक स्त्री सत्संग सभा की प्रधान सुखवंत कौर और महासचिव गुरप्रीत कौर ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने युवाओं से भी नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भगवान सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ मानव सेवा का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित रक्तदान शिविर में 85 यूनिट रक्त का संग्रह संगत की सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद की जान बचाना सबसे बड़ी सेवा है।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया और मानवता की सेवा में योगदान के लिए उनका धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

