Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

एग्रिको में हाइवा की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, बच्चे को 150 मीटर तक घसीटने की बात

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको सिग्नल चौक के पास रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गयी। मृतक पिता की पहचान डिमना स्थित चंद्रवती नगर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है, जबकि उनके पुत्र यश की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बतायी जा रही है। हादसा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के एग्रिको स्थित आवास के समीप मुख्य मार्ग पर हुआ।

बताया जाता है कि दीपक कुमार अपने बेटे के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान लिटी चौक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बच्चा हाइवा के पिछले चक्के की चपेट में आ गया। चालक द्वारा वाहन लेकर आगे बढ़ने के दौरान बच्चे को करीब 150 मीटर तक घसीटे जाने की बात भी सामने आयी है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये। लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। दीपक कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके बेटे को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और हाइवा की रफ्तार समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Post