डाल्टनगंज। शहर थाना क्षेत्र के जेडक्यू टावर कॉम्प्लेक्स स्थित जूता-चप्पल की दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में 22 वर्षीय परवेज आलम को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दुकान से चोरी की गई 44 जोड़ी पैरागोन कंपनी की चप्पल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार पनेरीगली कुंड मुहल्ला, डाल्टनगंज निवासी मो. मुर्तजा, पिता मो. समसुद्दीन ने शहर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने जेडक्यू टावर कॉम्प्लेक्स स्थित अपनी जूता-चप्पल की दुकान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने का आरोप लगाया था। आवेदन के आधार पर शहर थाना कांड संख्या 350/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4)/305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर मामले के अनुसंधान में जुटी शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को परवेज आलम को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 44 जोड़ी पैरागोन कंपनी की चप्पल बरामद की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी परवेज आलम साई मुहल्ला, राहत नेजाम हॉस्पिटल के पास, पहाड़ी मुहल्ला, शहर थाना क्षेत्र, पलामू का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है और उसके पिता का नाम बिलाल अंसारी है।
पुलिस ने बरामद चप्पलों को चोरी के मामले में प्रदर्श के रूप में जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार, 13 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई में शहर थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

