चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी स्थानीय सनसाइन होटल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स, कोल्हान किंग, सारंडा वारियर्स, जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस शामिल हैं।
मेगा नीलामी में छह फ्रेंचाइजी के मालिकों ने कुल 145 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई। आइकॉन खिलाड़ियों में कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले पश्चिमी सिंहभूम के ऑलराउंडर अनुकूल राय, मुंबई इंडियंस से खेलने वाले रांची के विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले रांची के बल्लेबाज शिखर मोहन और हजारीबाग से खेलने वाले झारखंड के बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह को एक-एक लाख रुपये में खरीदा गया।
अनुकूल राय को जगन्नाथपुर टाइगर्स, रोबिन मिंज को कोल्हान किंग, उत्कर्ष सिंह को मनोहरपुर लायंस और शिखर मोहन को सारंडा वारियर्स ने खरीदा। वहीं विराट सिंह को चाईबासा चैलेंजर्स और सुशांत मिश्रा को चक्रधरपुर रॉयल्स ने उनके बेस प्राइस 50 हजार रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
गेस्ट खिलाड़ियों की श्रेणी में कुल 33 खिलाड़ियों की बोली लगी। इस वर्ग में प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अधिकतम दो खिलाड़ी लेने की अनुमति थी। राजनदीप सिंह और सुप्रियो चक्रवर्ती 50-50 हजार रुपये में सबसे महंगे रहे। किसी खिलाड़ी के लिए दो या अधिक फ्रेंचाइजी के बीच अधिकतम निर्धारित कीमत पर बराबरी होने पर लॉटरी से फैसला किया गया।
कैटेगरी-ए के छह खिलाड़ियों की भी बोली लगी। इनका बेस प्राइस 20 हजार रुपये था। इस वर्ग में अरविंद कुमार और कुमार करण 40-40 हजार रुपये में सबसे अधिक कीमत पर बिके। दोनों खिलाड़ियों को लेकर भी लॉटरी के माध्यम से निर्णय किया गया।
नीलामी की मॉनिटरिंग जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने की। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से कराने की जिम्मेदारी इवेंट मैनेजमेंट टीम स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद और उनकी टीम ने संभाली। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और टीम मालिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। नीलामी से पहले असीम कुमार सिंह ने सभी फ्रेंचाइजी को प्रक्रिया, खिलाड़ियों के बेस प्राइस और अधिकतम प्राइस की जानकारी दी।
मौसम को देखते हुए सभी फ्रेंचाइजी की सहमति से प्रतियोगिता की तिथि में बदलाव किया गया है। अब पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग 22 सितंबर के बजाय 24 सितंबर से शुरू होगी।

