Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

बिरसानगर पीएम आवास में बदहाली पर सरयू राय का हमला, कहा- लोगों को आवास के नाम पर ‘नरक’ में धकेला

जमशेदपुर। बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवासीय परिसर की बदहाल स्थिति को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नगर विकास विभाग और जुडको पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रविवार को पीएम आवास परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने कहा कि लोगों को घर तो दे दिया गया, लेकिन वहां रहने के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर विकास विभाग ने पीएम आवास के नाम पर लोगों को नरक में धकेल दिया है।

सरयू राय के अनुसार, पीएम आवास के करीब 50 लाभुक एक दिन पहले उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बता चुके थे और उनसे परिसर का निरीक्षण करने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ब्लॉक संख्या 32 में करीब 70 और ब्लॉक संख्या 8 में लगभग 35 लाभुक रह रहे हैं, लेकिन दोनों परिसरों में सड़क, जल निकासी, सफाई, रोशनी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब है।

विधायक ने कहा कि आवासीय परिसर तक पहुंचने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जल निकासी की व्यवस्था भी बेहद खराब है। बारिश के बाद परिसर में पानी जमा हो जाता है और भूतल, सीढ़ियों तथा लिफ्ट के आसपास तक जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूरे परिसर में मुश्किल से 20 प्रतिशत नाली का निर्माण हुआ है।

सरयू राय ने कहा कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। परिसर में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से शाम के बाद लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।

उन्होंने पीएम आवास की निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई फ्लैटों की दीवारों में अभी से दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर जांच की जरूरत है। उनके मुताबिक गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराना तभी सार्थक होगा, जब उन्हें सुरक्षित और रहने योग्य वातावरण भी मिले।

ब्लॉक संख्या 8 में पेयजल टंकी के पास बनाए गए सीवेज टैंक को लेकर सरयू राय ने विशेष आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पेयजल टंकी और सीवेज टैंक के बीच पर्याप्त दूरी नहीं है। सीवेज टैंक से रिसाव होने की स्थिति में पेयजल दूषित होने का खतरा पैदा हो सकता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। सरयू राय ने कहा कि उनकी धारणा में जुडको का यह कृत्य आपराधिक प्रकृति का है और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि बिरसानगर में आधा दर्जन से अधिक ब्लॉकों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन फिलहाल ब्लॉक संख्या 8 और 32 में ही लोग रहने लगे हैं। अन्य निर्माणाधीन ब्लॉकों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और शराब सेवन की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इससे महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं। सरयू राय ने कहा कि सुरक्षा की स्थिति ऐसी है कि कई परिवार अपनी बेटियों को मुख्य सड़क तक छोड़ने और वापस लाने के लिए साथ जाते हैं।

स्थानीय निवासियों ने बिरसानगर थाना की स्थायी टीओपी स्थापित करने की मांग की है। सरयू राय ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पीएम आवास की समस्याओं को लेकर नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव और जुडको को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग करेंगे।

सरयू राय ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और वे प्रधानमंत्री को भी लिखित अनुरोध भेजेंगे कि बिरसानगर पीएम आवास की स्थिति का संज्ञान लेकर इसे रहने योग्य बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर लोगों को मिलने वाली सुविधाओं से तय होती है। बिरसानगर का पीएम आवास परिसर सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत को सामने ला रहा है।

Related Post