जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की वार्षिक आमसभा रविवार को पुराना कोर्ट के समीप स्थित पर्यटन सूचना केंद्र के सभागार में आयोजित हुई। समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में हुई आमसभा में जिले के दोनों अनुमंडलों और 11 प्रखंडों से करीब 350 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आमसभा में सर्वसम्मति से दुलाल भुइयां को पुनः अध्यक्ष और ललन यादव को महासचिव चुना गया।
आमसभा की शुरुआत में आशीष गुप्ता ने अध्यक्ष पद के लिए दुलाल भुइयां और महासचिव पद के लिए ललन यादव के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया। इसके बाद महासचिव ललन यादव ने समिति के विस्तारित संगठन में शामिल पदाधिकारियों और सदस्यों के नामों की घोषणा की। साथ ही पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के लिए 11 सदस्यीय कोर कमिटी का भी गठन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए दुलाल भुइयां ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के शहरी इलाकों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लंबित पूजा अनुज्ञप्तियों को निर्गत कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा टाटा स्टील समेत उन कॉरपोरेट संस्थाओं से भी सहयोग का आग्रह किया जाएगा, जो वर्षों से पूजा समितियों को सहयोग करती रही हैं।
महासचिव ललन यादव ने पिछले कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि समिति ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। बिजली, पेयजल और पूजा मैदानों के समतलीकरण समेत कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए। उन्होंने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी समस्याओं और मांगों की सूची केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति को उपलब्ध करा दें, ताकि समय रहते जिला प्रशासन के समक्ष मांगों को रखा जा सके।
वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि कई इलाकों में अब भी सड़क और रास्तों की स्थिति खराब है। ऐसे स्थानों पर टाटा स्टील से स्लैग गिराने का आग्रह किया जाएगा, ताकि पूजा के दौरान आवागमन में लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने पूजा पंडालों के सामने आने वाले बिजली के तारों को समय रहते दुरुस्त कराने, चलंत बायो टॉयलेट उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन घाटों की व्यवस्था सुधारने, विसर्जन मार्ग में पेड़ों की छंटाई कराने और विशेष महिला पुलिस बल की तैनाती की मांग प्रशासन के समक्ष रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों से मुख्य सड़क तक ग्रीन कॉरिडोर, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर यातायात व्यवस्था और अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखने जैसे मुद्दों पर भी प्रशासन से समय रहते कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा। साथ ही पूजा क्षेत्रों में लगने वाले मेलों में नशाखोरी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पूजा समितियों से अपील की गई।
आशीष गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति इस बार पूजा समितियों को बंगाल की तर्ज पर सरकार से प्रोत्साहन राशि दिलाने की दिशा में भी पहल करेगी, ताकि छोटी पूजा समितियों को आयोजन में आर्थिक मदद मिल सके। बैठक को समिति के वरीय उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो और बलदेव सिंह मेहरा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण वरीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने दिया, संचालन संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने किया। मौके पर सचिव हर्ष यादव, कोषाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार, कार्यालय सचिव कमल राम यादव, निमाई मंडल, मन्नू मंडल, कुञ्ज विभोर, देवदर्शिनी बोस, श्वेता प्रसाद, राजकुमार राय, पवन कुमार उपाध्याय, सुशांतो मल्लिक, राकेश साहू, तापस चटर्जी, नंदकिशोर ठाकुर, दामोदर शनि महाराज, रामबाबू यादव, रामस्वरूप यादव, भोला लोहार, अनिरुद्ध कुमार गिरी, सन्नी यादव, विशाल यादव, अभय कुमार सिंह, संतोष सिंह, प्रोफेसर मनोज किशोर, अंजली तिवारी समेत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

