जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार करते हुए जीएसटी विभाग ने जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र (Central Processing Centre) शुरू करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र 1 अक्टूबर 2026 से काम करना शुरू करेगा। इससे जमशेदपुर कमिश्नरेट से जुड़े करदाताओं, व्यापारियों और जीएसटी पेशेवरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक जमशेदपुर कमिश्नरेट से संबंधित जीएसटी पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं का केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र पहले पटना और बाद में रांची में होने के कारण स्थानीय व्यापारियों एवं करदाताओं को कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। जमशेदपुर में ही केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र शुरू होने से जीएसटी से जुड़े पंजीकरण और अन्य मामलों के निपटारे में सुविधा होगी।
सिंहभूम चैंबर की ओर से इस मांग को लंबे समय से संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा था। चैंबर ने व्यापारिक समुदाय की सुविधा और जीएसटी सेवाओं के विकेंद्रीकरण को लेकर कई अवसरों पर विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था।
चैंबर के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजीव अग्रवाल और सचिव अंशुल रिंगासिया ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र की शुरुआत करदाताओं, व्यापारियों और जीएसटी पेशेवरों के लिए बड़ी राहत है। इससे जीएसटी से संबंधित सेवाएं अधिक सुलभ, त्वरित और प्रभावी होंगी।
वहीं, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने इस निर्णय को व्यापारिक समुदाय के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार किया जाना इस बात का संकेत है कि विभाग व्यापारियों और करदाताओं की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान की दिशा में कदम उठा रहा है।
मानव केडिया ने बिहार एवं झारखंड जोन के मुख्य आयुक्त तथा आनंद कुमार, IRS, आयुक्त, CGST एवं CX, जमशेदपुर के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग से जमशेदपुर में यह सुविधा शुरू होना संभव हुआ है।
चैंबर के महासचिव पुनीत कौंटिया ने भी निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र शुरू होने से पूरे जमशेदपुर कमिश्नरेट के करदाताओं को बेहतर सेवा मिलेगी। इससे जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं में समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
सिंहभूम चैंबर ने उम्मीद जताई है कि 1 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह केंद्र जमशेदपुर और पूरे जमशेदपुर कमिश्नरेट के व्यापारिक समुदाय के लिए बेहतर पहुंच, त्वरित प्रक्रिया और कम असुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

