Breaking
Sat. Sep 5th, 2026

*रक्तदान कर फूटपाथ विक्रेता दुकानदार संघ ने दिया मानवता का संदेश*

चाईबासा: फूटपाथ विक्रेता दुकानदार संघ कल्याण ट्रस्ट, चाईबासा की ओर से शनिवार को सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक सेवा और मानवता की भावना से आयोजित इस शिविर में संघ के सदस्यों एवं अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

शिविर में प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर मीना कालुंडिया और डॉक्टर जगन्नाथ हेंब्रम उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने भी मौके पर पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर मीना कालुंडिया ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं होता, बल्कि स्वस्थ लोगों के स्वैच्छिक रक्तदान से ही जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ होने की स्थिति में रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

डॉक्टर जगन्नाथ हेंब्रम ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अस्पताल में उपचार के दौरान कई मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदाताओं द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान बेहद उपयोगी साबित होता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी सक्षम लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर इस तरह के सामाजिक कार्यों में भाग लेना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की मदद करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद को जीवन बचाने का अवसर देना है। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि व्यवसाय के साथ सामाजिक दायित्व निभाने की यह पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

शिविर को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष विकास कुमार, उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, अजय झा, ललन खान, अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष गणेश सिंह, सदस्य आशीष कर्मकार एवं राहुल पोद्दार सहित सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र के कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post

You Missed