Breaking
Sat. Sep 5th, 2026

बोड़ाम में दो दुकानों में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाम में 3-4 अगस्त की रात दो दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में पश्चिम बंगाल के पुरुलियाता जिले से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण, मोबाइल फोन समेत वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, चोरों ने रात के समय एस्बेस्टस की छत काटकर एक आभूषण दुकान में प्रवेश किया था। दुकान से जेवरात, नकदी और निगरानी कैमरे की रिकॉर्डिंग करने वाला यंत्र चोरी कर लिया गया था। इसके बाद चोरों ने पास की एक अन्य दुकान को भी निशाना बनाया और वहां से नए मोबाइल फोन, नकदी तथा निगरानी कैमरे का रिकॉर्डिंग यंत्र लेकर फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था। जांच दल ने तकनीकी साक्ष्यों, निगरानी कैमरों के फुटेज और अंगुलियों के निशान के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के पश्चिम बंगाल में सक्रिय होने की जानकारी मिली, जिसके बाद जमशेदपुर के मानगो सहित पश्चिम बंगाल के अरशा, मुफस्सिल और बलरामपुर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई।

शनिवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने मामले में मकबूल अंसारी, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी बेलडीह, थाना अरशा, जिला पुरुलिया; असलम अंसारी, उम्र करीब 23 वर्ष, थाना मुफस्सिल, जिला पुरुलिया; रहीम अंसारी, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी इलसोडीह, थाना मुफस्सिल, जिला पुरुलिया और गयामुद्दीन अंसारी, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी नोवा ग्राम बाधजोरा, थाना बलरामपुर, जिला पुरुलिया को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की होंडा एसपी 125 मोटरसाइकिल, जिसका पंजीकरण संख्या जेएच09बीबी 6377 है, बरामद की है। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल फोन, इनमें एक वनप्लस मोबाइल भी शामिल है, बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण भी जब्त किए हैं, जिनमें बिछिया, कंगन, बांह बाला, बिछुआ, चेन, पायल और चांदी के सिक्के शामिल हैं। आरोपियों के पास से लोहे के नट-बोल्ट समेत चोरी से संबंधित अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा पूर्व में की गई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में भी जांच कर रही है।

Related Post