Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

6 सितंबर को होगा शिक्षा व्यवस्था पर ‘फैक्ट फाइंडिंग’ सेमिनार, तीन विश्वविद्यालयों के कुलपति होंगे शामिल

जमशेदपुर। झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं और उनके समाधान को लेकर 6 सितंबर को जमशेदपुर में ‘फैक्ट फाइंडिंग सेमिनार’ का आयोजन किया जाएगा। स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस सेमिनार में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा होगी। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।

सरयू राय ने बताया कि सेमिनार में हाल के दिनों में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है। छात्रों से उनके असंतोष के कारणों और आंदोलन के लिए उन्हें विवश करने वाली परिस्थितियों की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों पर विशेषज्ञों और शिक्षाविदों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

सेमिनार में रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्रभूषण शर्मा और झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल होंगे।

सरयू राय ने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में प्रतिनियुक्त किए जाने से विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच संवाद कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक योग्य और अपने विषय में दक्ष हैं, लेकिन लगातार दूसरे सरकारी कार्यों में लगाए जाने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि सुबह 9 से 10 बजे तक पंजीकरण, 10 से 11 बजे तक उद्घाटन सत्र होगा। इसके बाद प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा और छात्र-युवा असंतोष पर दो सत्र होंगे। अंतिम सत्र में शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। सभी विद्यालयों को आमंत्रण भेजा गया है।

खास बात यह होगी कि एक ही मंच पर तीन विश्वविद्यालयों के कुलपति शिक्षा के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

Related Post