*पलामू :* जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में बुधवार देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया, हालांकि बाद में जाम हटा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह बुधवार रात अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए दोबारा गोली मार दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश सिंह को इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
*अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है कि जिस इलाके में गोलीबारी की घटना हुई, वहां से हुसैनाबाद विधायक का घर भी नजदीक है।
ओमप्रकाश सिंह पर दर्ज थे कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ वर्ष 2018 से 2024 के बीच हुसैनाबाद थाना में कुल आठ मामले दर्ज थे। इनमें आर्म्स एक्ट समेत मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

