Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

साकची में पुलिसकर्मी बनकर महिला से 7.5 लाख की सोने की चूड़ी ठगी

जमशेदपुर। शहर के साकची थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामलीला मैदान स्थित स्वस्तिक मोहिनी टावर की रहने वाली मैत्रेयी मजूमदार से दो अज्ञात युवकों ने खुद को सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी बताकर करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य की 50 ग्राम सोने की चूड़ी ठग ली। घटना 26 अगस्त की दोपहर करीब 12:30 बजे की बतायी गयी है। पीड़िता ने साकची थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक मैत्रेयी मजूमदार अपने घर से हनुमान मंदिर और बाजार की ओर जा रही थीं। रामलीला मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोककर बताया कि पीछे कोई उन्हें बुला रहा है। महिला जब पीछे पहुंचीं तो वहां दो युवक मिले। दोनों ने खुद को सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी बताते हुए इलाके में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं का हवाला दिया और महिला को सोने की चूड़ी उतारकर बैग में सुरक्षित रखने की सलाह दी।

महिला ने उनकी बात पर भरोसा करते हुए अपने हाथ से सोने की चूड़ी उतार दी। इसके बाद दोनों युवकों ने चूड़ी को कागज में लपेटकर सुरक्षित रखने की बात कही। महिला के पास कागज नहीं होने पर आरोपियों ने स्वयं कागज निकाला और चूड़ी को उसमें लपेटने का दिखावा किया। इसी दौरान उन्होंने असली सोने की चूड़ी गायब कर उसकी जगह नकली चूड़ी कागज में लपेटकर महिला के बैग में रख दी।

बाजार से खरीदारी करने के बाद जब मैत्रेयी मजूमदार घर पहुंचीं और बैग खोलकर सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। कागज में सोने की चूड़ी के बजाय नकली चूड़ी मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला। पीड़िता के अनुसार चूड़ी का वजन करीब 50 ग्राम था और उसकी कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये है।

शिकायत में महिला ने दोनों आरोपियों का हुलिया भी पुलिस को बताया है। दोनों की लंबाई करीब पांच फीट दस इंच, रंग गोरा और चेहरा क्लीन शेव बताया गया है। घटना के समय दोनों ने सफेद शर्ट, ब्राउन पैंट और ग्रे रंग की कैप पहन रखी थी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की जांच कर रही है।

साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने गुरुवार को बताया कि महिला के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Post