चाईबासा: हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिव भक्त मंडल, चाईबासा की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फानी (अमरनाथ) के दिव्य स्वरूप के दर्शन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को शाम 6 बजे से शिवा तालाब स्थित शिवालय परिसर में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे।
आयोजन की खास बात यह होगी कि बाबा बर्फानी का स्वरूप पूरी तरह प्राकृतिक बर्फ से तैयार किया जाएगा। बर्फ से निर्मित भव्य शिवलिंग श्रद्धालुओं को अमरनाथ धाम की पवित्र गुफा में विराजमान बाबा बर्फानी के स्वरूप का एहसास कराएगा और आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
शिव भक्त मंडल की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
शिव भक्त मंडल, चाईबासा ने शहरवासियों और आसपास के शिवभक्तों से परिवार सहित आयोजन में पहुंचकर बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन करने और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

