Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

झुमरीतिलैया के अड्डी बंग्ला में दिनदहाड़े चेन लूट टोटो से उतरते ही महिला को बनाया निशाना

कोडरमा।। झुमरीतिलैया शहर के अड्डी बंग्ला इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने टोटो से उतर रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली और देखते ही देखते फरार हो गए। घटना की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़िता की पहचान झुमरी तिलैया निवासी संगीता जैन के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अड्डी बंग्ला निवासी अजय जैन के घर भोजन लेकर पहुंची थीं। जैन गुरु सुयश सागर जी महाराज के आगमन को लेकर वहां भोजन की व्यवस्था की गई थी। संगीता जैन अपने जन्मदिन के अवसर पर गुरुजी को अपने हाथों से बनाया भोजन खिलाने के लिए पहुंची थीं। बताया जाता है कि संगीता जैन जैसे ही टोटो से उतरकर घर की ओर बढ़ीं, उसी समय बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं, जबकि दोनों बदमाश बाइक को तेज रफ्तार से भगाते हुए मौके से निकल गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। पीड़िता के अनुसार बदमाशों द्वारा छीनी गई सोने की चेन की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है।
सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अजय जैन के घर के सामने लगे कैमरे में दोनों बदमाशों की पूरी करतूत कैद हो गई है। फुटेज में बाइक सवार युवकों को महिला के पास पहुंचते, चेन झपटते और तेजी से फरार होते देखा जा सकता है।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े व्यस्त रिहायशी इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश जारी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post