Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

दलमा शिव मंदिर में श्याम भटली परिवार ने किया जलाभिषेक, 105 सदस्यीय दल ने किया धार्मिक-प्राकृतिक भ्रमण

जमशेदपुर: श्री श्याम भटली परिवार, जमशेदपुर की ओर से रविवार को धार्मिक एवं प्राकृतिक भ्रमण का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष गगन रूस्तगी और महासचिव ललित डांगा के नेतृत्व में 105 सदस्यीय दल दलमा पहुंचा। यहां सदस्यों ने ऐतिहासिक दलमा प्राचीन शिव गुफा में भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की।

इस दौरान ताली कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा-अर्चना के बाद दल के सदस्यों ने दलमा के शीर्ष शिखर पर स्थित बजरंगबली मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही दलमा माई की गुफा में भी माथा टेककर आशीर्वाद लिया।

धार्मिक कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य दलमा रिसॉर्ट पहुंचे, जहां वनभोज का आयोजन किया गया। यहां सदस्यों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया और आपसी मेलजोल के साथ समय बिताया।

वापसी के दौरान दल ने जंगल के रास्ते सिंह गुफा और हाथी झरना का अवलोकन किया। इसके बाद मकुलकोचा पहुंचकर हिरण पार्क, बटरफ्लाई पार्क और मड हाउस का भ्रमण किया। सदस्यों ने क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद उठाया।

यात्रा के अंतिम पड़ाव में सभी चांडिल डैम पहुंचे, जहां नौका विहार का आनंद लिया। धार्मिक आस्था, प्रकृति और मनोरंजन से जुड़ी यह यात्रा सदस्यों के लिए यादगार रही। भक्ति और उत्साह के माहौल में पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Post