Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

पूजा कर घर लौट रही महिला से दिनदहाड़े दो लाख की सोने की चेन झपटी, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के शर्मा लाइन के समीप रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छीनी गई चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया जाता है कि उलीडीह निवासी कांति देवी रविवार को पूजा-अर्चना करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान शर्मा लाइन के पास बाइक पर सवार बदमाश पीछे से पहुंचे और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज गति से बाइक लेकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही उलीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के क्षेत्रों की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की तस्वीरें कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस टीम बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर छीनी गई सोने की चेन बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

Related Post