Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

कांड्रा अपहरण कांड का खुलासा, जमीन में दफन मिले दो युवकों के शव, दो आरोपी गिरफ्तार

कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में 13 अगस्त को हुए अपहरण और जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने अपहृत राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर से बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, पिण्ड्राबेड़ा निवासी रवि हांसदा की शिकायत पर 20 अगस्त को कांड्रा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पिण्ड्राबेड़ा निवासी फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष वारदात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि पहुंची, जहां जमीन के अंदर दबाए गए राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए गए। शवों को कार्यपालक दंडाधिकारी सह बीडीओ एवं अंचल अधिकारी गम्हरिया की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए जमीन से बाहर निकाला गया।

प्राथमिकी के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम धतकीडीह स्कूल के समीप राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा को आरोपियों ने पहले मारपीट की और इसके बाद जबरन एक वाहन में बैठाकर उनका अपहरण कर लिया। तीनों को सरनामूल, गम्हरिया की ओर ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, लेकिन राहुल और तपन का पता नहीं चल सका। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। छापेमारी अभियान में कांड्रा थाना प्रभारी बिनोद कुमार मुर्मू, गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Related Post