Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

ग्रामीण दुर्गा पूजा समितियों को लाइसेंस और बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय करेगी सेन्ट्रल समिति

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम सेन्ट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जमशेदपुर के परिसदन सभागार में समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शारदीय दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से आयोजित करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। मंच संचालन डॉ श्याम शर्मा ने की।

बैठक में समिति के महासचिव ललन यादव ने वर्ष 2025 की दुर्गा पूजा सहित रामनवमी, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, छठ,कर्मा, सरहुल ,टूसू, रामनवमी और दीपावली के जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान समिति की ओर से किए गए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में समिति लगातार जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर सहयोग करती रही है। कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने समिति के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा भी सदस्यों के समक्ष रखा।

बैठक में धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 11 प्रखंडों से पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीण इलाकों की सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि कई पूजा समितियां वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से सार्वजनिक दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें अनुज्ञप्ति नहीं मिल पाई है। प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए पात्र पूजा समितियों को जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग की।

पूजा समितियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहर की तर्ज पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। इनमें निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था, पर्याप्त स्लैग, विसर्जन घाटों की मरम्मत, जर्जर सड़कों का दुरुस्तीकरण, पेड़ों की छंटाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा पूजा और विसर्जन के दौरान चलंत चिकित्सा दल, अग्निशमन वाहन, यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की मांग भी की गई। विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता और मूर्ति विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

समिति ने वर्ष 2026 की दुर्गा पूजा के दौरान पूजा समितियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए टाटा स्टील, जुस्को, टाटा पावर समेत अन्य कॉरपोरेट एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से CSR मद के तहत सहयोग दिलाने की पहल करने का निर्णय लिया।

अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले समिति का प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त और अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से आयोजित हो रही सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और जिन समितियों को अभी तक अनुज्ञप्ति नहीं मिली है, उनके मामले में आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन से प्रभावी समन्वय किया जाएगा।
दुलाल भुइयां ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रतिष्ठित कंपनियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी CSR के माध्यम से पूजा समितियों को सहयोग देने का आग्रह करने की बात कही। उन्होंने सभी पूजा समितियों से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित माहौल में पूजा आयोजित करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने की अपील की।

बैठक के दौरान वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, सचिव पवन उपाध्याय, अंकित जवानपुरिया, राकेश साहू, रामस्वरूप यादव, अशोक कुमार सिंह, राखी पालित, श्वेता चक्रवर्ती, सीमा साहू, ज्योति देवी, नंद किशोर ठाकुर, रामबाबू यादव, तापस चटर्जी, मनोज कुमार, कुंज विहार, डी बोस, कमल यादव, प्रणब नाहा, अमित यादव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक के अंत में समिति की संयुक्त सचिव एवं अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार जताया। समिति की अगली बैठक की तिथि की सूचना बाद में दी जाएगी।

Related Post