आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराये के मकान से आरकेएफएल कर्मी का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय तपन दास के रूप में हुई है। पुलिस को प्रथमदृष्टया आशंका है कि तपन ने कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।
बताया गया कि तपन दास स्टेशन रोड स्थित शक्तिपद सिंह के मकान में किराये पर रहकर आरकेएफएल कंपनी में काम करता था। वह कमरे में अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी जमशेदपुर के भुइयांडीह इलाके में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चलने की बात भी सामने आई है।
घटना का पता उस समय चला, जब तपन के कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। दुर्गंध के बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और इसकी सूचना आदित्यपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों को बुलाया। परिजनों की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो तपन का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव के पास से देसी कट्टा बरामद किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया। टीम ने कमरे के भीतर और आसपास से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद और तपन की किसी अन्य महिला से कथित दोस्ती की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इन परिस्थितियों को लेकर वह मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और आत्महत्या के अलावा अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। दो बच्चों के पिता की इस तरह हुई मौत से परिजन सदमे में हैं।

