Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

अंतिम सोमवार को लेकर कोडरमा एवं झुमरी तिलैया में ट्रैफिक प्लान जारी

कोडरमा। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर 24 अगस्त 2026 को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के झरनाकुंड से जल उठाकर ध्वजाधारी धाम स्थित भगवान शिव के मंदिर में जलाभिषेक करने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने कोडरमा तथा झुमरी तिलैया शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं नियंत्रित बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए 24 अगस्त को सुबह 3 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रमुख यातायात व्यवस्था
बिहार की ओर से आने वाले भारी वाहन जैसे ट्रक, हाईवा एवं ट्रेलर को मेघातरी में सुबह 3 बजे से ही रोक दिया जाएगा।
बिहार की ओर से आने वाली यात्री बस एवं छोटी गाड़ियां बागीटांड़ से लोकाई एवं संत क्लेयर स्कूल होते हुए बजरंगबली चौक के रास्ते हजारीबाग की ओर जाएंगी। बजरंगबली चौक से हजारीबाग की ओर जाने वाले मार्ग पर सुबह 3 बजे से शाम 6 बजे तक नो-एंट्री रहेगी।
गिरिडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवलशाही थाना के आसपास पार्क कराया जाएगा। वहीं, गिरिडीह की ओर से आने वाले छोटे वाहन एवं यात्री बस डोमचांच-बजरंगबली चौक, कोडरमा होते हुए हजारीबाग की ओर जाएंगे।
तिलैया से ध्वजाधारी धाम जाने वाले मार्ग पर बजरंगबली चौक के पास बड़े वाहन, यात्री बस एवं छोटी कार आदि के लिए नो-एंट्री रहेगी।
बजरंगबली चौक एवं बागीटांड़ के बीच एनएच-20 पर सड़क के दोनों ओर की छोटी गलियों में ड्रॉप गेट लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
झरनाकुंड से जल लेकर ध्वजाधारी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच-20 पर केवल कांवरियों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। झरनाकुंड मोड़ से लगभग 500 मीटर पहले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा तथा झरनाकुंड मोड़ से जेजे कॉलेज तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
रांची की ओर से आने वाले सभी बड़े एवं भारी वाहनों को जवाहर घाटी, चंदवारा के पास पार्क कराया जाएगा। सुबह 3 बजे से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
रांची की ओर से आने वाली यात्री बस एवं छोटी गाड़ियां महाराणा प्रताप चौक से दाहिने मुड़कर जयनगर की ओर जाने वाली सड़क का प्रयोग करेंगी। यह व्यवस्था भीड़ समाप्त होने तक लागू रहेगी।
बजरंगबली चौक से जेजे कॉलेज तक दो लेन वाली सड़क पर झरनाकुंड से श्रद्धालु ध्वजाधारी धाम की ओर जाएंगे तथा पूजा के बाद इसी मार्ग से वापस लौटेंगे। दोनों लेन के बीच स्लाइडिंग एवं रस्सी के माध्यम से डिवाइडर बनाया जाएगा।

Related Post