लोहरदगाः सदर थाना क्षेत्र के बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच बहने वाली कोयल नदी से शनिवार दोपहर एक महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने नदी में महिला का शव बहते हुए देखा था। शनिवार सुबह ड्रोन कैमरे से नदी में खोजबीन की गई तो पत्थरों के बीच फंसा शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना के एएसआई कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकीदार समसुल अंसारी एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बीच नदी से बाहर निकाला गया। मृतका की पहचान चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला निवासी सुको उरांव पति दिनेश उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला बीते गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित रिश्तेदार के घर गई थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजनों ने महिला के लापता होने की लिखित शिकायत भी थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच कोयल नदी से शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है। जहां सदर थाना के एएसआई अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शाम 4:00 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई। वहीं पुलिस ने बताया कि महिला की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है।
कोयल नदी से पत्थरों में फंसा मिला महिला का शव, गुरुवार से लापता थी महिला

