Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में अवैध माइका खनन पर छापेमारी, दो वाहन जब्त

कोडरमा। जिले के वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में अवैध माइका खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात हजारीबाग वन विभाग की विशेष टीम ने कोडरमा वन विभाग के सहयोग से इंदरवा-चितरपुर के लोमचांची जंगल में छापेमारी कर एक शक्तिमान ट्रक और एक डंपर जब्त किया। दोनों वाहनों के चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि वन प्रमंडल पदाधिकारी, वन्यजीव अभयारण्य प्रमंडल हजारीबाग सूरज कुमार के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। रेंजर के अनुसार अवैध खनन में संलिप्त लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जब्त दोनों वाहनों को कोडरमा वन विभाग परिसर में रखा गया है। कार्रवाई के दौरान वनपाल छत्रपति शिवाजी, दुर्गा महतो, कुंदन कुमार, गोपाल यादव सहित हजारीबाग और कोडरमा वन विभाग की टीम मौजूद रही।

Related Post