Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

नौवें दिन दुर्गा पहाड़ी से मिला 70 वर्षीय भीखू महतो का शव, 500 फीट नीचे क्षत-विक्षत हालत में मिला

कसमार/बोकारो। कसमार थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के ललमटिया टोला निवासी 70 वर्षीय भीखू महतो का शव लापता होने के नौवें दिन गुरुवार को दुर्गा पहाड़ी से बरामद हुआ। मंगलवार, 11 अगस्त 2026 की सुबह से लापता भीखू महतो का शव पहाड़ी की दक्षिण दिशा में स्थित सबसे ऊंची चोटी के नीचे करीब 500 फीट से अधिक गहराई में गिरा हुआ मिला। शव क्षत-विक्षत अवस्था में था।

परिजनों के अनुसार, भीखू महतो को आखिरी बार 11 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दुर्गा पहाड़ी के किनारे छागरकनारी के आसपास देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। उनकी मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। ऐसे में परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे और लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।

नौ दिनों तक परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के कई इलाकों में खोजबीन की। दुर्गा पहाड़ी से लेकर मेंढ़ा, डुंडाडीह, चड़रिया टोला, रघुनाथपुर, भवानीपुर और लोदकियारी की दिशा में भी उनकी तलाश की गई। इसी दौरान गुरुवार को दुर्गा पहाड़ी की दक्षिण दिशा में सबसे ऊंची चोटी के नीचे उनका शव दिखाई दिया।

सूचना मिलने पर कसमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात मृतक की पांचों बेटियों से कही। घटना की सूचना मिलते ही उनकी सभी पांचों बेटियां मौके पर पहुंचीं। भीखू महतो की पांचों बेटियों का विवाह हो चुका था।

हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पांचों बेटियों और अन्य परिजनों ने भीखू महतो की मृत्यु के लिए किसी व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराया। इसके बाद परिजनों की सहमति से शव को पहाड़ी के नीचे ही दफना दिया गया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीखू महतो दुर्गा पहाड़ी की ऊंची चोटी से नीचे गिर गए होंगे। करीब 1000 फीट नीचे गिरने के कारण शव क्षत-विक्षत हो गया था। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

नौ दिनों तक तलाश के बाद भीखू महतो का शव मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

Related Post