चाईबासा: रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चाईबासा में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच रेनकोट का वितरण किया गया। विद्यालय द्वारा चिन्हित 32 विद्यार्थियों को रेनकोट उपलब्ध कराया गया। इसका उद्देश्य बारिश के मौसम में विद्यार्थियों को विद्यालय आने में होने वाली परेशानी को कम करना और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर कई विद्यार्थी बारिश के दौरान भीगते हुए विद्यालय पहुंचते हैं। संसाधनों की कमी के कारण वे रेनकोट नहीं खरीद पाते। ऐसे विद्यार्थियों की जरूरत को देखते हुए क्लब की ओर से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विद्यालय की शिक्षिका दीप्ति सिन्हा ने जरूरतमंद विद्यार्थियों की स्थिति को देखते हुए उनकी पहचान की। उन्होंने बताया कि कई बच्चे रेनकोट नहीं होने के कारण बारिश में भीगकर विद्यालय आते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए रेनकोट खरीदना संभव नहीं था। विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि अलडा के सहयोग से ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार की गई और रोटरी क्लब से संपर्क किया गया। इसके बाद क्लब की ओर से सभी 32 विद्यार्थियों को रेनकोट उपलब्ध कराया गया।
इस सेवा कार्य के प्रायोजक मदन लाल गुप्ता, विवेक शर्मा, सुनीत खिरवाल, डॉ. वीणा मूंधड़ा और संदीप दोदराजका रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेश खत्री, विद्यालय प्रबंधक माधवेंद्र कुईला, विनोद कुमार ओझा और श्रावंति दास का योगदान रहा।
रोटरी क्लब ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और आवश्यकताओं में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। क्लब की ओर से भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी कार्य जारी रखने की बात कही गई।

