Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

*पड़ोसी का घर ढहने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, पोस्टमार्टम आज*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड के ऊपर लोटा गांव में बुधवार को पड़ोसी का घर धंसने से 65 वर्षीय सुखलाल पाड़ेया की मौत हो गई। घटना के बाद आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। पड़ोसी के घर के धंसने के दौरान सुखलाल पाड़ेया उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि कर दी।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की सूचना समय पर नहीं मिलने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम किए जाने की बात बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।

प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। एक बुजुर्ग की इस तरह मौत होना परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घटना की जानकारी लेकर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बरसात के मौसम में जर्जर और कमजोर मकानों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवार को सरकारी स्तर पर उचित सहायता देने की मांग की है।

Related Post