जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया में गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन ने पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, दवा वितरण केंद्र और जांच घर सहित विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति देखकर दुखनी सोरेन ने नाराजगी जताई। पुराने भवन की कई जगहों पर छत और प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं, जबकि छज्जे भी क्षतिग्रस्त हालत में हैं। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
निरीक्षण के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा डुमरिया में बनकर तैयार नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का सामने आया। नया भवन तैयार होने के बावजूद अब तक उसका उद्घाटन नहीं होने से लोगों को पुराने और जर्जर भवन में ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नया अस्पताल भवन तैयार होने के बाद उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन लंबे समय से उद्घाटन नहीं होने के कारण इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि उद्घाटन को लेकर राजनीतिक खींचतान के कारण भी मामला लंबित है।
दूसरी ओर, पुराने अस्पताल भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। छत और प्लास्टर के टूटकर गिरने से किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को जान जोखिम में डालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है।
दुखनी सोरेन के निरीक्षण के बाद एक बार फिर नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द शुरू करने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधा को राजनीतिक या अन्य विवादों से अलग रखते हुए मरीजों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
डुमरिया के लोगों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधि नए अस्पताल भवन के उद्घाटन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उसे जनता के लिए खोलें, ताकि मरीजों को जर्जर भवन से राहत मिल सके और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

