Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

रथ मेले में बाइक चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; आठ चोरी की बाइक बरामद

सरायकेला। रथ मेले के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सरायकेला थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अभिषेक महतो और सूरज नाथ के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने रथ मेले समेत थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो और बाइक बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, बाइक चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को बाइक चोरी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पत्रकारों को जानकारी देते हुए सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि सरायकेला थाना पुलिस की कार्रवाई में अब तक चोरी की कुल आठ बाइक बरामद की जा चुकी हैं। इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गुरुवार को पकड़े गए अभिषेक महतो और सूरज नाथ को भी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

रथ मेले के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने का फायदा उठाकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। घटनाओं के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार पूछताछ और संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद पुलिस को चोरी की बाइकों की बरामदगी में सफलता मिल रही है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद बाइकों को कहां-कहां खपाया जाता था और चोरी की वारदातों में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए छापेमारी जारी है। आने वाले दिनों में चोरी की कुछ और बाइकों की बरामदगी और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय कुमार के अलावा अरुण कुमार महतो, विनोद टुडू तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Post