Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

गोलमुरी में अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ आजसू प्रवक्ता की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

जमशेदपुर। गोलमुरी क्षेत्र में बिगड़ती यातायात व्यवस्था, बेतरतीब पार्किंग और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में आजसू पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने गुरुवार दोपहर दो बजे से गोलमुरी चौक पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उनके समर्थन में समाजसेवी बंटी सिंह समेत कई लोग मौके पर मौजूद रहे।

भूख हड़ताल पर बैठे अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी चौक छह प्रमुख मार्गों का संगम है। यहां केबल टाउन-विजयनगर, आकाशदीप प्लाजा, एग्रिको, मंदिर रोड और पेट्रोल पंप की ओर से आने वाले रास्ते मिलते हैं। इसके बावजूद चौक के आसपास वाहनों की अनियमित पार्किंग और कमजोर यातायात व्यवस्था के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और हर महीने करीब सौ वाहन हादसों का शिकार होते हैं।

उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले पुरुलिया निवासी एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हुई थी, लेकिन अब तक वाहन का पता नहीं चल पाया है। तिवारी के अनुसार, उन्होंने जिला पुलिस, यातायात विभाग, जेएनएसी और टाटा स्टील के अधिकारियों को पहले ही पत्र देकर समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि जब तक मौके पर पहुंचकर पार्किंग, यातायात और डिवाइडर की समस्या का ठोस समाधान नहीं किया जाता, भूख हड़ताल जारी रहेगी।

Related Post