चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने मंगलवार को विभिन्न पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने ढीपा, लाईलोर, बरंगा, मनोहरपुर पूर्वी और मकरंदा पंचायतों में योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
उप विकास आयुक्त ने प्रखंड सभागार में आयोजित महिला मेट प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 60 से अधिक महिला मेट ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने महिला मेट को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और अधिक से अधिक मानव दिवस सृजन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विकसित भारत जी राम जी के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना, अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। लाभुकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा श्रमिकों और मेटों को अधिक से अधिक मानव दिवस सृजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मकरंदा पंचायत के फुलवारी गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जेएसएलपीएस (पलाश) की ओर से आयोजित समृद्धि पहचान शिविर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और इस तरह के शिविर सभी पंचायतों में आयोजित करने का निर्देश दिया।
मनोहरपुर पूर्वी पंचायत में दुग्ध संग्रहण केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दुग्ध उत्पादन और संग्रहण से जुड़े किसानों के कार्यों की सराहना की। साथ ही किसानों के क्षमता संवर्धन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
15वें वित्त आयोग की राशि से प्रखंड परिसर, पंचायत भवनों और विद्यालयों में बनाए जा रहे पेवर्स ब्लॉक एवं हैंडवॉश यूनिट के कार्यों का भी जायजा लिया गया। पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण, स्वीकृत योजनाओं और व्यय की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिला परिषद के तहत निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र ढीपा, मनोहरपुर बस स्टैंड और प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित डाक बंगला का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अभियंताओं को आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराने तथा डाक बंगला और बस स्टैंड की बंदोबस्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीएमएफटी मद से बरंगा पंचायत में निर्माणाधीन मुंडा टोली सड़क में दो स्पेन आरसीसी कलवर्ट और मकरंदा पंचायत के फुलवारी गांव में उरांव टोला से लोहार घर तक बन रहे पीसीसी पथ का भी निरीक्षण किया गया।
आहार दिवस पर पीडीएस दुकान का निरीक्षण
आहार दिवस के अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने मकरंदा पंचायत स्थित पीडीएस दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ई-पॉस मशीन से वितरण, स्टॉक, अभिलेखों और दुकान में प्रदर्शित आवश्यक सूचनाओं का जायजा लिया। लाभुकों से बातचीत कर खाद्यान्न की गुणवत्ता और वितरण की नियमितता के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने पीडीएस विक्रेता को पात्र लाभुकों को निर्धारित समय पर पूरी मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने और वितरण में पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीडीएस व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोहरपुर शक्ति कुंज, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, प्रखंड भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय घोराटकर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मनोहरपुर, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता ग्रामीण कार्य विशेष प्रमंडल चाईबासा, सहायक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल, कनीय अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चक्रधरपुर, सहायक परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद सहित संबंधित विभागों के अभियंता एवं क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मी उपस्थित रहे।

