चाईबासा: सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार की मौजूदगी में मंगलवार को चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने बंगाली बालिका उच्च विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 228, 229 और 231 तथा कार्मेल हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 232, 233 और 236 का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल पदाधिकारियों के माध्यम से संचालित निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में किए जा रहे सुधार और नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
इस दौरान विसंगतियों एवं अनमैप्ड मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्राप्त प्रपत्र-6 तथा एक ही परिवार के सदस्यों को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र पर रखने के उद्देश्य से प्राप्त प्रपत्र-8 के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने बीएलओ से लंबित मामलों, उनके निस्तारण की प्रक्रिया और क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क के संबंध में जानकारी ली।
रवि रंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल हो और मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन बन सके।
उन्होंने अनमैप्ड और अन्य चिन्हित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं करने तथा प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 का नियमानुसार सत्यापन कर समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने भी संबंधित पदाधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा करने और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बीएलओ स्तर पर चल रही गतिविधियों की प्रभावी निगरानी तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि पात्र मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

