चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत जराइकेला से पड़ोसी राज्य ओडिशा के राउरकेला जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भालुलत्ता और बिसरा के बीच यात्री बस ‘राजा बाबू’ अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार यात्री बस जराइकेला से राउरकेला की ओर जा रही थी। भालुलत्ता और बिसरा के बीच अचानक चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतर गई और सड़क किनारे बने एक घर से जा टकराई। टक्कर के बाद बस वहीं रुक गई। हादसे में घर को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बस में सवार यात्रियों की मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। राहत की बात रही कि बस की टक्कर के बावजूद घर में मौजूद किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक द्वारा अचानक वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कों पर फिसलन और आवागमन की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।

