जमशेदपुर: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के झारखंड प्रदेश में संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में चांडिल निवासी राजेश पसारी को प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में झारखंड प्रदेश अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष संदीप मुरारका और महामंत्री अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने उन्हें मनोनयन पत्र जारी किया।
मनोनयन पत्र में कहा गया है कि राजेश पसारी के सामाजिक समर्पण, संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। संगठन को उम्मीद है कि उनके प्रयासों से झारखंड में अग्रवाल सम्मेलन की जिला, नगर और ग्राम स्तर तक इकाइयों के विस्तार को गति मिलेगी।
प्रदेश संगठन मंत्री के रूप में राजेश पसारी के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सदस्यता अभियान को बढ़ाने और समाज से जुड़ी सामाजिक गतिविधियों को व्यापक रूप देने की जिम्मेदारी होगी। संगठन का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ते हुए सम्मेलन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाना है।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल और युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल के झारखंड से होने का उल्लेख करते हुए प्रदेश संगठन ने कहा कि ऐसे समय में झारखंड में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो जाती है।
राजेश पसारी के मनोनयन पर अग्रवाल समाज के लोगों ने खुशी जताई और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रिय भूमिका से झारखंड में सम्मेलन का संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक गतिविधियां और मजबूत होंगी।

