Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

*न्याय रथ के माध्यम से जगन्नाथपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम*

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की ओर से न्याय रथ के माध्यम से जगन्नाथपुर में विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा मौहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यक्रम के तहत रसेल उच्च विद्यालय प्लस टू, जगन्नाथपुर में करीब 400 विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की जानकारी दी गई। मुख्य एलएडीसी ने विद्यार्थियों को महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह, मोटर वाहन अधिनियम और पीड़ित प्रतिकर जैसे विषयों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) मौजूद रहे।

इसके बाद न्याय रथ जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचा। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यधारा से दूर रह रहे आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए वैकल्पिक आजीविका और आय के स्रोतों की जानकारी भी साझा की। इसका उद्देश्य लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, न्यायिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि न्याय रथ के माध्यम से जिले के कमजोर और वंचित वर्गों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरतमंद लोग समय पर न्यायिक एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।

Related Post