गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में सोमवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। पानी का बहाव बढ़ने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए हाथी चौक होकर जाने वाले मार्ग के अलावा पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए बोकना पुल से होकर जाने वाला रास्ता भी प्रमुख है। बोकना पुल वाला मार्ग अपेक्षाकृत कम दूरी का है, जिससे स्थानीय लोग और वाहन चालक इसका अधिक इस्तेमाल करते हैं। पुल के ऊपर पानी आने के बाद इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
लगातार बारिश के कारण कारो नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है। नदी उफान पर होने के कारण आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को कारो नदी के आसपास जाने से बचने की चेतावनी दी है।
लोगों से नदी में नहाने, मछली पकड़ने या किसी अन्य कार्य के लिए जाने से पूरी तरह परहेज करने की अपील की गई है। साथ ही बच्चों को नदी, पुल और जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने को कहा गया है। प्रशासन ने मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

