Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

तीन दिन बाद कारो नदी में चट्टान के पास मिला 13 वर्षीय छात्र का शव, ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था घर से

गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में रविवार से लापता 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद नुईया गांव के समीप कारो नदी से बरामद किया गया। नदी के बीच एक चट्टान के पास शव फंसा हुआ मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला पवन कुमार पान रविवार दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र था। घर से निकलने के बाद वह भट्टीसाई इलाके में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। इसी दौरान उसने दोस्तों से कारो नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने नदी की तरफ जाने से मना कर दिया। इसके बाद पवन अकेले ही नदी की ओर चला गया।

बताया गया कि नदी के किनारे पहुंचने के बाद पवन ने अपनी पैंट और चप्पल उतार दी। दोस्तों ने उसे वापस लौटने के लिए कहा, लेकिन वह उनकी बात नहीं मानकर नदी की ओर चला गया। कुछ देर बाद दोनों दोस्त वहां से बस्ती लौट आए और ग्रामीणों को पवन के नदी की तरफ जाने की जानकारी दी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

पवन के नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए सोमवार से गुवा पुलिस और स्थानीय ग्रामीण कारो नदी के आसपास लगातार खोज अभियान चला रहे थे। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के चलते तलाशी अभियान में काफी परेशानी आ रही थी। मंगलवार को खोजबीन के दौरान नदी के बीच एक चट्टान के पास पवन का शव फंसा हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में रेस्क्यू कर शव को नदी से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से छात्र के परिवार में शोक का माहौल है।

Related Post