चतरा : जिले के ईटखोरी थाना क्षेत्र के परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परोका गांव निवासी तुषार कुमार तथा इटखोरी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर विद्यालय से चोरी किये गए कई सामान बरामद किए गए हैं। साथ ही चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। उन्होंने बताया कि विगत 15 अगस्त की रात परियोजना बालिका उच्च विद्यालय ईटखोरी के एक कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने
लोहे का एक अलवीरा, एक बड़ा बैटरी, एक इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरा, एक मॉनिटर, दो कीपैड मोबाइल, दो स्मार्टफोन की चोरी कर ली थी। घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिनीत कुमार ने थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर ईटखोरी थाना मे प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विद्यालय से चोरी किए गए सामान के साथ अपराधकर्मी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर परोका की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही ईटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने परोका में घेराबंदी कर बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल पर चोरी का सामान लदा हुआ था। पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर चोरी के अन्य सामान को झाड़ी में छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने झाड़ी में छापेमारी कर वहां छिपाकर रखे गए अन्य सामान को भी बरामद कर लिया। छापेमारी दल में ईटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एएसआई बिदेश कुमार पाण्डेय, पंकज कुमार व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में चोरी का खुलासा, दो चोर गिरफ्तार..

