जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिला उद्यमियों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मानसून ट्रेड फेयर 2026 का सोमवार को चैंबर भवन में भव्य समारोह के बीच उद्घाटन हुआ।
मेले का उद्घाटन मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान, उपाध्यक्ष अर्चना दुबे, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया और उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं व्यवसाय और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा और उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर देते हैं।
जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यवसाय के साथ उचित बाजार और मंच उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने ट्रेड फेयर को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर स्थानीय व्यापार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराना इसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ट्रेड फेयर के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, बिक्री, नए ग्राहकों से जुड़ने और बाजार विस्तार का अवसर मिल रहा है।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि मानसून ट्रेड फेयर का उद्देश्य सिर्फ उत्पादों की बिक्री नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। मेले में लगाए गए स्टॉल महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और उद्यमशीलता को दर्शा रहे हैं।
कपड़े से लेकर ज्वेलरी और खान-पान तक के स्टॉल
ट्रेड फेयर में महिला उद्यमियों ने कपड़े, फैशन, ज्वेलरी, खान-पान, सजावटी सामान सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मेले का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए महिला उद्यमियों से बातचीत की। अतिथियों ने चैंबर की पहल की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
दोपहर के सत्र में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वेद गिरी, विमेंस यूनिवर्सिटी की कॉमर्स डीन डॉ. दीपा शरण और तरू बेन गांधी ने भी ट्रेड फेयर का भ्रमण किया।
कार्यक्रम का संचालन चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव भारत मकानी ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव अंशुल रिंगरसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समन्वयक सुमन नागेलिया, निशा केडिया, रिंकू अग्रवाल, मनोज गोयल, अश्विनी अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

