Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

सार्वजनिक स्थल पर अड्डेबाजी करने वालों पर पुलिस की नजर, तीन युवकों को समझाकर छोड़ा

सिमडेगा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सिमडेगा पुलिस ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत कोलेबिरा थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी की सूचना पर पुलिस ने तीन युवकों को पकड़कर पूछताछ की और बाद में आवश्यक हिदायत देकर परिजनों के हवाले कर दिया।

बताया गया कि 16 अगस्त को कोलेबिरा थाना क्षेत्र के एक स्थान पर कुछ युवकों के अनावश्यक रूप से जमा होकर अड्डेबाजी करने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद तीन युवकों को पूछताछ के लिए कोलेबिरा थाना लाया।

थाने में युवकों से उनके वहां मौजूद रहने और गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी उद्देश्य के भीड़ लगाना अथवा अड्डेबाजी करना उचित नहीं है। साथ ही युवकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति भंग करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहने और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने मामले की जानकारी युवकों के परिजनों को भी दी। तीनों से PR बॉन्ड भरवाने के बाद पुलिस ने आवश्यक समझाइश और परामर्श दिया तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य युवाओं को दंडित करने के बजाय समय रहते ऐसी गतिविधियों से दूर रखना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना बताया गया।

सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि सामुदायिक सहयोग से ही जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।

Related Post