जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रामनगर केन्दूकोचा में शुक्रवार रात एक महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया। टीएमएच में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान 37 वर्षीय सतना देवी के रूप में हुई है। वह वार्ड नंबर 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत थीं और दिव्यांग भी थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें फंदे से उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एमजीएम में स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें टीएमएच भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।
सतना देवी के पति प्रमोद कुमार ओडिशा स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं। पत्नी के फांसी लगाने की सूचना मिलने के बाद वह जमशेदपुर पहुंचे। रविवार को उलीडीह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हल्की नोकझोंक हुई थी। इसके बाद सतना देवी ने घर में फांसी लगा ली। हालांकि, महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।

