Breaking
Sat. Nov 7th, 2026

चक्रधरपुर स्टेशन पर समरसता एक्सप्रेस के टॉयलेट में मिला यात्री का शव, गमछे के फंदे से लटका था व्यक्ति

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12151) के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से रेल यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। मृतक का शव टॉयलेट के अंदर गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच संख्या एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। टॉयलेट इस्तेमाल करने के लिए पहुंचे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद यात्रियों को अनहोनी की आशंका हुई। कुछ यात्रियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल ट्रेन में तैनात टीटीई को इसकी सूचना दी। टीटीई से जानकारी मिलने के बाद रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और चक्रधरपुर स्टेशन पर आवश्यक इंतजाम किए गए।

ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे लटका मिला। रेलकर्मियों की सहायता से शव को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रखा गया। इसके बाद रेलवे अस्पताल से डॉ. रश्मि के नेतृत्व में मेडिकल टीम पहुंची। चिकित्सकीय जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।

जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक अकेले यात्रा कर रहा था। वह कहां से ट्रेन में सवार हुआ था और उसे किस स्टेशन पर उतरना था, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए ट्रेन के रिजर्वेशन चार्ट और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Post