Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

गालूडीह में 11 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार, ओडिशा से जमशेदपुर ले जाने की थी तैयारी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी जब्त किया गया है।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर कुछ लोग मोटरसाइकिल के जरिए गालूडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने गालूडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया और इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल तथा हेलमेट भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश सिंह उम्र 43 वर्ष, श्याम नाथ राय उम्र 38 वर्ष और बाबुलाल यादव उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पूछताछ के आधार पर गांजा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

इस मामले में गालूडीह थाना कांड संख्या 17/2026, 15 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 111(4) बीएनएस तथा 20(b)(ii)(B), 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है।

कार्रवाई में गालूडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी अजय बागे, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार, नुर मिंज समेत थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post