जमशेदपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जुगसलाई के डीबी रोड स्थित बाल विद्या भारती इंग्लिश हिंदी स्कूल में समारोह का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय तेली साहू महासंगठन, पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने मुख्य रूप से शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राकेश साहू ने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य कन्हैया प्रसाद, भारतीय तेली साहू महासंगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष शिवलोचन साव, आनंद गुप्ता, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गौतम साहू, आयुष गुप्ता और रोहित साहू सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
राकेश साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जय हिंद और जय भारत का संदेश दिया।

