Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

पीएम श्री उच्च विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित

चाईबासा: जिला परिवहन कार्यालय की जिला सड़क सुरक्षा टीम की ओर से गुरुवार को पीएम श्री उच्च विद्यालय, चाईबासा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

जिला सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क चिह्न, रोड मार्किंग, संकेत बोर्ड तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित गुड सेमेरिटन योजना और सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के बारे में बताया गया। इनमें तेज रफ्तार, नशे का सेवन कर वाहन चलाना, यातायात नियमों का उल्लंघन तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना प्रमुख कारण बताए गए। टीम ने विद्यार्थियों से नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की।

जिला सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्हें अपने घर, विद्यालय, गांव और समाज में यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा गया।

टीम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Post