चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य राजकीय समारोह से पहले पुलिस केंद्र चाईबासा में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने किया, जबकि पुलिस अधीक्षक अमित रेनू मौजूद रहे।
रिहर्सल के दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त का मंच पर आगमन हुआ। इसके बाद परेड में शामिल सभी प्लाटून ने दोनों अधिकारियों को सलामी दी। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया। राष्ट्रगीत के बाद उपायुक्त मनीष कुमार ने ध्वजारोहण कर रिहर्सल की प्रक्रिया पूरी कराई।
मंत्री दीपक बिरुवा करेंगे मुख्य समारोह में ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र चाईबासा में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंत्री दीपक बिरुआ सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्य समारोह के बाद सुबह 10:10 बजे सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल आयुक्त कार्यालय परिसर में आयुक्त द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा। इसके अलावा जिला परिषद कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय सदर चाईबासा और भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में भी ध्वजारोहण होगा। सुबह 10:50 बजे जिला समाहरणालय परिसर में उपायुक्त मनीष कुमार ध्वजारोहण करेंगे।
10 प्लाटून और एक बैंड पार्टी लेगी हिस्सा
स्वतंत्रता दिवस की मुख्य परेड का नेतृत्व परिचारी प्रवर मंशु गोप करेंगे। इस वर्ष परेड में कुल 10 प्लाटून और एक बैंड पार्टी हिस्सा लेगी। परेड में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक दल, जिला सशस्त्र पुलिस के दो दल, सहायक पुलिस बल का एक दल, गृह रक्षक का एक दल, एनसीसी के तीन दल और स्काउट एंड गाइड चाईबासा का दल शामिल रहेगा।
एनसीसी के तीन दलों में टाटा कॉलेज, मांगी लाल रुंगटा उच्च विद्यालय और संत जेवियर बालिका विद्यालय के दल शामिल हैं। वहीं संत जेवियर उच्च विद्यालय, लुपुंगुटू की बैंड पार्टी अपनी धुनों से परेड का मार्गदर्शन करेगी।
अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक बहामन टुटी तथा गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष सहित विभिन्न विभागों के दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

